भोपाल। मध्य प्रदेश से भले ही मानसून आधिकारिक तौर पर विदा हो चुका है, लेकिन वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय रहने के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर अभी भी बना हुआ है। राज्य में इन दिनों मिलाजुला मौसम देखने को मिल रहा है, जहां कहीं तेज धूप खिल रही है तो कहीं बरसात हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिए थे कि इस साल अक्टूबर महीने में गर्मी, ठंड और बरसात का मिला-जुला ट्रेंड देखने को मिलेगा।
11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानि 22 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, इंदौर, धार, बड़वानी और अलीराजपुर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि राहत की बात यह है कि आज तेज हवाओं का कोई अलर्ट नहीं है, फिर भी IMD ने प्रभावित जिलों के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। इन जिलों को छोड़कर बाकी शेष संभागों और जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
राजधानी भोपाल में साफ रहेगा मौसम, खिलेगी धूप
राजधानी भोपाल में आज मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है। यहां आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है। बीते दिनों भी इसी तरह का मौसम दर्ज किया गया था। दिन के समय तेज धूप खिलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी से हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन शाम ढलते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और गुलाबी ठंड का अहसास होगा। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।
तापमान का हाल: बैरसिया में सबसे ज्यादा, अमरकंटक में सबसे कम
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के मौसम में तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस बैरसिया (भोपाल) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस अमरकंटक (अनूपपुर) में रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में ठंड के बढ़ते असर को दर्शाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

