अजय सैनी, भिवानी. श्री अग्रवाल सभा द्वारा भिवानी द्वारा शहर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की शुक्रवार को शानदार शुरुआत की गई। यह जयंती महोत्सव आगामी 21 अक्तूबर तक निरंतर जारी रहेगा। महाराजा अग्रसेन के दिखाए परोपकार, दया और समाज कल्याण के मार्ग पर चलते हुए पूरे माह विभिन्न प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय हालुवास गेट स्थित नंदीशाला में गौसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नंदीशाला संस्था ने सहयोगी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया।

इस अवसर पर श्रीअग्रवाल सभा रजि. के प्रधान सुनील सर्राफ बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने सदस्यों के साथ मिलकर नंदीशाला में गोवंश को चारा, गुड़ खिलाकर गौसेवा का पुण्य कार्य किया। जयंती महोत्सव की शुरुआत जीव सेवा से होने पर उपस्थित सभी समाजसेवियों में भारी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अपने जीवन में हमेशा जीव सेवा, करुणा और परस्पर सहयोग को सर्वोच्च स्थान दिया था। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए असहाय जीवों की सेवा करना ही उनके महान आदर्शों को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गौसेवा हमारे सनातन धर्म और संस्कृति का मूल आधार है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में समय निकालकर नंदीशालाओं और गौशालाओं में सेवा के लिए आगे आना चाहिए। प्रधान सुनील सर्राफ ने बताया कि 21 अक्तूबर तक चलने वाले इस जयंती महोत्सव के दौरान भिवानी शहर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

इसमें जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य जांच शिविर और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अलावा रामलीला मंचन भी शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रकाश मित्तल, महासचिव दीवाकर जैन,मनीष मैदावाला, मनीष वैद,रामअवतार गुप्ता, सुरेश कागजी, मनोज कुमार, अधिवक्ता आशीष मित्तल, राजेश गोलपुरिया, समाजसेवी रामदेव तायल, अधिवक्ता सुरेंद्र जैन, गोपाल कुम्हारीवाला, अमित बंसल
मुंढ़ालिया, रमेश बंसल,मोहन कुम्हारीवाला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।