महाराष्ट्र में साप्ताहिक नियमित होने वाली मंगलवार की कैबिनेट बैठक को सोमवार के लिए स्थानांतरित किया गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हालिया दिल्ली दौरे के बाद महाराष्ट्र में यह गतिविधि हो रही है. बैठक को तो सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन राज्य की राजनीति में संभावित बदलाव को लेकर चर्चा तेज है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर महायुति के प्रमुख नेताओं की बैठक और डिनर का कार्यक्रम है.
यही वजह है कि राजनीतिक हलकों में इस बैठक को लेकर सामान्य समन्वय से आगे की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में आज सोमवार का दिन हलचल भरा रहने वाला है.
महाराष्ट्र में कैबिनेट की बैठक इस बार मंगलवार की जगह सोमवार दोपहर सह्याद्री गेस्ट हाउस में होगी. सह्याद्री गेस्ट हाउस के बाद CM देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के बीच चर्चा होगी. वहाँ पर BJP, शिवसेना और NCP के प्रमुख नेताओं व मंत्रियों के लिए डिनर रखा गया है.
बैठक का दिन बदलने की मुख्य आधिकारिक वजह CM देवेंद्र फडणवीस का मंगलवार को मुंबई से बाहर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना बताई गई है. हालांकि, कैबिनेट बैठक के बाद होने वाली महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक ने इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार के भीतर किसी अहम मुद्दे पर अंतिम स्तर की बातचीत चल रही है? क्या गठबंधन के मौजूदा समीकरणों को लेकर कोई नई रणनीति तैयार की जा रही है?
सरकारी तौर चर्चा है कि इस बैठक का उद्देश्य गठबंधन में बेहतर समन्वय, आपसी मतभेदों को दूर करना और सरकार के कामकाज में तेजी लाना बताया जा रहा है. लेकिन कैबिनेट की बैठक का अचानक एक दिन पहले होना, उसके बाद महायुति के शीर्ष नेताओं का साथ बैठना कुछ और ही इशारा कर रहा है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

