धनेश, कैथल। आगामी 24 मई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में इंद्री के विधायक और हरियाणा विधानसभा के चीफ व्हीप राम कुमार कश्यप ने सोमवार को चीका और पूंडरी क्षेत्र के विभिन्न गांवों का तूफानी दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में इस भव्य आयोजन में पहुंचने का निमंत्रण दिया।

विधायक राम कुमार कश्यप ने पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा से भी मुलाकात की। उन्होंने कांगथली, भुना, सैर, सौथा, चक्कू और चीका सहित कई गांवों का दौरा करते हुए बताया कि इस बार जयंती समारोह कैथल की नई अनाज मंडी (विस्तार मंडी) में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ के तहत महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर मनाकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक समारोह में शिरकत कर महर्षि कश्यप के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लें।

