हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के अछोला स्कूल में 9वीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन पर छात्रा को छुट्टी के बाद अपने कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद छात्रा रोते हुए अपने घर पहुंची। उसने परिजनों को स्कूल में हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण एकजुट हुए और आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया।

छात्रा के घर पहुंचकर मामला दबाने की कोशिश का आरोप

प्रभारी प्राचार्य पर छात्रा के घर पहुंचकर मामले को दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, शिक्षक के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों की कर रही जांच

तुमगांव थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस आरोपी प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

फिलहाल, मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H