शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दौरान राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई संसद लगाई और खाली थाली, गैस चूल्हा, घरेली गैस सिलेंडर और कढ़ाई लेकर प्रदर्शन किया। वहीं चेतावनी दी है कि अगर रसोई और महिला हितैषी बजट नहीं आया तो वित्त मंत्री के निवास का घेराव किया जाएगा।
राजधानी भोपाल में स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर मंगलवार को महिला कांग्रेस ने रसोई संसद लगाई। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब तक जितने भी बजट आए है वह महिलाओं के हित में नहीं आए है। देश के हित में नहीं आए है। हमारी महिलाओं के घर का बजट, गणित बिगड़ गया है।
ये भी पढ़ें: MP Budget Session 2026: कांग्रेस के मुस्लिम विधायक ने गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग, बीजेपी ने कही यह बड़ी बात
रीना सेतिया ने आगे कहा कि 400 रुपये का गैस सिलेंडर 1000 रुपये का मिल रहा है। 8-10 रुपये किलो मिलने वाला आटा आ 50 रुपये का मिल रहा है। तेल महंगा हो गया है। लगातार महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। अगर यह बजट हमारे पक्ष में नहीं आता है तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं चेतावनी देते हुए कहा कि हमारे पक्ष में बजट दे नहीं तो वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के घर का घेराव करेंगे।

