Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल निर्माता महिंद्रा ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV पोर्टफोलियो को नया विस्तार देते हुए BE 6 Sporteq (स्पोर्टेक) को भारत में आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। कंपनी ने इस नई इलेक्ट्रिक कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.45 लाख रुपये (BaaS – बैटरी एज़ ए सर्विस विकल्प के साथ) रखी है। वहीं, बिना BaaS विकल्प के इस प्रीमियम SUV को खरीदने के लिए 19.45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) चुकाने होंगे। यह मॉडल बाजार में नए लॉन्च एडिशन के साथ पेश किया गया है, जो कई उन्नत फीचर्स और आधुनिक तकनीक से लैस है।
नया अवतार और अनोखी रियर डिस्प्ले तकनीक
डिजाइन के मामले में BE 6 Sporteq अपने स्टैंडर्ड वेरिएंट जैसा ही सिलुएट बरकरार रखती है, लेकिन इसे खास पहचान देने के लिए कई कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं। गाड़ी के पिछले हिस्से पर ‘लॉन्च एडिशन’ की बैजिंग दी गई है। इस SUV की सबसे अनूठी विशेषता इसकी रियर टेलगेट लाइट है, जिसमें रियर-लाइट मैसेजिंग फीचर दिया गया है। इसकी मदद से चालक रियर टेलगेट पर अपनी पसंद के कस्टम मैसेज प्रदर्शित कर सकता है। महिंद्रा ने इस नए एडिशन के साथ एक नया कलर पैलेट भी पेश किया है, जिसमें एक आकर्षक ऑरेंज शेड वाला ‘फ्रीडम एडिशन’ शामिल है।
12 रंग और 8 शानदार वेरिएंट्स का विकल्प
ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए Mahindra BE 6 Sporteq को कुल 12 रंग विकल्पों में पेश किया गया है। इनमें चार बिल्कुल नए पेंट शेड्स—रोसो इम्पल्सो, रूबी वेलवेट, ग्रेफाइट स्टॉर्म और फायरस्टॉर्म ऑरेंज सैटिन शामिल हैं। यह गाड़ी कुल 8 वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी, जिनमें वन, टू, थ्री, थ्री+, फोर, एफई, एफई फोर और लॉन्च एडिशन के विकल्प शामिल हैं।
तीन स्क्रीन और गेमिंग-कराओके से लैस केबिन
कार के केबिन के भीतर सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। नए लॉन्च एडिशन के डैशबोर्ड पर ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है। इसमें ड्राइवर और सेंट्रल इंफोटेनमेंट के अलावा फ्रंट पैसेंजर के लिए एक अलग से डिस्प्ले जोड़ी गई है। इस तीसरी स्क्रीन का इस्तेमाल इन-कार गेमिंग और कराओके जैसी मनोरंजन सुविधाओं के लिए किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, सेंटर कंसोल पर स्पेशल स्पोर्टेक लोगो दिया गया है जो केबिन को स्पॉटी अहसास देता है।
गूगल जेमिनी सपोर्ट और 13 KM देने वाला Revive SOS
फीचर्स के मोर्चे पर यह गाड़ी बेहद हाई-टेक है। इसमें ‘TEQ_Me’ फीचर जोड़ा गया है जो ड्राइवर की पहचान करके उसके हिसाब से पर्सनल प्रोफाइल सेट कर देता है। वॉयस कमांड और कनेक्टिविटी के लिए इसमें गूगल जेमिनी आधारित ‘TEQ_Talk’ दिया गया है। ड्राइविंग को रोमांचक बनाने के लिए इसमें ट्राइब ड्राइव, ड्रिफ्ट मोड और एक्सेलरेशन बूस्ट जैसे मोड मिलते हैं।
सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति के लिए इसमें ‘Revive SOS’ तकनीक दी गई है। यह फीचर बैटरी पूरी तरह 0% होने के बाद भी कार को लगभग 13 किलोमीटर तक चलाने की आपातकालीन ऊर्जा प्रदान करता है। गाड़ी के पूरे जीवनकाल में इस फीचर का उपयोग 5 बार किया जा सकता है। इनके अलावा वेंटिलेटेड सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग, 6-स्पीकर साउंड सिस्टम, एयरबैग्स और ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स भी इसमें शामिल हैं।
दमदार बैटरी पैक और 682 किमी की रेंज
Mahindra BE 6 Sporteq में पहले से मौजूद 59 kWh और 79 kWh बैटरी विकल्प के साथ एक नया 70 kWh का बैटरी पैक भी जोड़ा गया है। रियर-व्हील ड्राइव मोटर के साथ आने वाली यह कार 286 hp की पावर और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। महिंद्रा का दावा है कि इसका बड़ा बैटरी पैक सिंगल चार्ज में MIDC साइकिल के तहत 682 किलोमीटर तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


