Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में महिंद्रा की पॉपुलर एसयूवी स्कॉर्पियो-एन (Scorpio N) जल्द ही एक नए और अधिक आकर्षक रूप में नजर आ सकती है। ऑटो इंडस्ट्री की हालिया रिपोर्ट्स और कयासों के मुताबिक, कंपनी इस स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के आसपास अपनी इस दमदार एसयूवी का नया अपडेटेड फेसलिफ्ट मॉडल पेश करने की योजना बना रही है। महिंद्रा की यह परंपरा रही है कि वह 15 अगस्त के खास मौके पर अपने नए मॉडल्स या कॉन्सेप्ट का खुलासा करती है, जिससे एसयूवी लवर्स के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, महिंद्रा ने आधिकारिक रूप से लॉन्च तिथि की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ऑटोमोबिल बाजार में इसके आने की सुगबुगाहट तेज हो चुकी है।

डिजाइन के मामले में आगामी स्कॉर्पियो-एन फेसलिफ्ट में कई कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिलेंगे, जो इसे सड़कों पर पहले से भी ज्यादा मस्कुलर और आधुनिक लुक देंगे। कार के फ्रंट फेसिया को नया रूप देने के लिए इसमें रिडिजाइन की गई क्रोम ग्रिल, आधुनिक एलईडी हेडलाइट्स और नया डीआरएल सिग्नेचर शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, नया एयरोडायनामिक बंपर और नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स भी इस एसयूवी की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे। महिंद्रा इसके बुनियादी बॉडी फ्रेम में बदलाव करने के बजाय इसमें चुनिंदा कॉस्मेटिक अपडेट्स देगी, जिससे इसका ओरिजिनल एग्रेसिव लुक भी बरकरार रहे।
सबसे बड़े बदलाव गाड़ी के केबिन और टेक्नोलॉजी पैकेज में देखने को मिलने की उम्मीद है। अंदरूनी हिस्से को अधिक प्रीमियम और हाई-टेक बनाने के लिए कंपनी इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दे सकती है। इसके साथ ही ग्राहकों की डिमांड को देखते हुए इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री एचडी कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, अपग्रैडेड डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और कई फास्ट टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट्स जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से सबसे बड़ा अपडेट लेवल-2 एडास (ADAS) तकनीक के रूप में मिल सकता है, जिसमें लेन डिपार्चर वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी जा सकती हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें मैकेनिकल बदलाव होने की संभावना बेहद कम है। अपडेटेड स्कॉर्पियो-एन में मौजूदा मॉडल वाले पावरफुल इंजन विकल्प ही जारी रखे जाएंगे। इनमें 2.0-लीटर mStallion टर्बो-पेट्रोल इंजन (जो लगभग 203 HP की पावर देता है) और 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन (जो 175 HP तक की पावर जनरेट करता है) शामिल हैं। दोनों इंजनों को 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कनवर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जाएगा। कठिन रास्तों और ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए इसके चुनिंदा डीजल वेरिएंट्स में महिंद्रा का मशहूर 4XPLOR फोर-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलना जारी रहेगा।
अतिरिक्त सेफ्टी फीचर्स और मॉडर्न गैजेट्स जुड़ने के कारण नई स्कॉर्पियो-एन फेसलिफ्ट की कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में थोड़ी अधिक हो सकती है। भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद यह कार टाटा सफारी, एमजी हेक्टर प्लस, हुंडई अल्काजार और महिंद्रा एक्सयूवी700 जैसी लोकप्रिय 6 और 7-सीटर एसयूवी को सीधी चुनौती देगी।


