Automobile Desk – Mahindra Thar 3-Door Facelift : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी महिंद्रा थार (Mahindra Thar) अब एक नए रूप-रंग में सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रही है। अगर आप भी इस आइकॉनिक ऑफ-रोडर को खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ समय का इंतजार आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। कंपनी अपनी लोकप्रिय 3-डोर थार (3- Door Thar) के फेसलिफ्ट वर्जन पर तेजी से काम कर रही है। हाल ही में इस नई SUV के टेस्टिंग मॉडल्स को भारतीय सड़कों पर देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने की चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं।

आगामी त्यौहारों के सीजन यानी दिवाली के आसपास इस नई 3-डोर थार को आधिकारिक तौर पर पेश किया जा सकता है। इस बार कंपनी न सिर्फ इसके बाहरी डिजाइन में कुछ आकर्षक बदलाव करने जा रही है, बल्कि इसके केबिन को भी पूरी तरह से Hi-tech फीचर्स से लैस करने वाली है। नई थार का काफी हद तक डिजाइन और फीचर सेट हाल ही में आई 5-डोर Thar Roxx से प्रेरित नजर आ रहा है।

डिजाइन के मामले में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट प्रोफाइल में देखने को मिलेगा। भले ही टेस्टिंग के दौरान गाड़ियाँ पूरी तरह ढकी हुई थीं, लेकिन सामने आए स्पाय शॉट्स से साफ है कि इसमें नई सी-शेप LED DRLs के साथ राउंड LED हेडलैंप दिए जाएंगे। ग्रिल के डिजाइन को लेकर भी कंपनी प्रयोग कर रही है; एक टेस्ट मॉडल में Roxx जैसी ग्रिल तो दूसरे में चार स्लैट वाली एक नई ग्रिल देखी गई है। इसके फ्रंट बंपर को भी नया लुक दिया गया है, जिसमें अब पार्किंग सेंसर्स की सुविधा भी देखने को मिल सकती है।

साइड प्रोफाइल की बात करें तो एसयूवी का पारंपरिक बोल्ड और बॉक्सी स्ट्रक्चर कायम रखा गया है, लेकिन इसमें मिलने वाले नए 10-स्पोक 18-इंच के अलॉय व्हील्स इसके साइड लुक को बेहद प्रीमियम और एग्रेसिव बना रहे हैं। क्लैडिंग, साइड मिरर्स और डोर हैंडल्स पहले जैसे ही मजबूत मिलेंगे। वहीं पिछले हिस्से में नए डिजाइन वाली LED टेललाइट्स और अपडेटेड रियर बंपर देखने को मिल सकता है।

सबसे बड़ा और सरप्राइजिंग बदलाव इसके केबिन में महसूस होगा। हालांकि डैशबोर्ड का बेसिक ढांचा पुराना ही रहेगा, लेकिन टेक्नोलॉजी के मामले में यह बहुत आगे निकल जाएगी। इसमें 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलने की पूरी उम्मीद है। इसके अलावा लंबे सफर और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए वेंटिलेटेड सीट्स और प्रीमियम साउंड के लिए Harman Kardon का ऑडियो सिस्टम जोड़ा जा सकता है।

सुरक्षा के लिहाज से भी नई थार काफी एडवांस होने वाली है। पहली बार 3-डोर मॉडल में ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) लेवल-2 जैसे हाई-टेक सेफ्टी फीचर शामिल किए जा सकते हैं। इसके तहत लेन कीप असिस्ट, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग और एडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे, जो हाईवे ड्राइविंग को बेहद सुरक्षित और आरामदायक बना देंगे।

मैकेनिकल मोर्चे पर महिंद्रा किसी बड़े बदलाव के मूड में नहीं दिख रही है। गाड़ी के भरोसेमंद 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 2.2-लीटर डीजल इंजन विकल्पों को बरकरार रखा जाएगा। इन सभी इंजनों के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के ऑप्शन मिलते रहेंगे। रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और 4×4 (फोर-बाय-फोर) दोनों ही ड्राइवट्रेन विकल्प ग्राहकों के लिए पहले की तरह उपलब्ध रहेंगे।