तनवीर खान, मैहर। मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत धनवाही कला में सामुदायिक भवन के निर्माण को लेकर शनिवार दोपहर विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोग बंदूक लेकर मौके पर पहुंच गए और काम बंद कराने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान महिला सरपंच के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति बंदूक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचता दिखाई दे रहा है।

ग्राम पंचायत धनवाही कला की सरपंच सुश्मा रामप्रकाश कुशवाहा ने नादन देहात थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पूर्व में विवाद के चलते लंबित था। शासन की सहमति मिलने के बाद दोबारा निर्माण शुरू कराया गया था। शनिवार को निर्माण कार्य चल रहा था, तभी युवराज सिंह और जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस मैहर के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह के बड़े भाई ब्रजराज सिंह और रंजीत विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे।

थाने में सौंपा वीडियो

आरोप है कि ब्रजराज सिंह बंदूक लेकर पहुंचे और निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की। सरपंच ने शिकायत में उनके साथ मारपीट, अभद्रता, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बूंदूक लेकर पहुंचने का सरपंच ने पुलिस को वीडियो भी सौंपा है।

पुलिस कर रही वीडियो और आरोपों की तस्दीक

सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। दो दिन पहले से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शनिवार को ब्रजराज सिंह नामक व्यक्ति बंदूक लेकर अपने साथियों के साथ निर्माण कार्य बंद कराने पहुंचे थे। पुलिस मामले की तस्दीक करा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m