० बिल पास कराने के नाम पर मांगी थी घूस, केमिकल लगे नोट लेते ही एसीबी ने दबोचा; आय से अधिक संपत्ति की भी होगी जांच
जयपुर। राजधानी जयपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम ईस्ट के निजी सहायक (पीए) मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बकाया बिल पास कराने और फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान उसे उसकी सीट पर ही पकड़ लिया।
बिल पास कराने के बदले मांगी थी घूस
परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि बकाया बिल पास कराने और संबंधित फाइल को स्वीकृति दिलाने के लिए वह कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि एडीएम ईस्ट का पीए मुकेश कुमार जानबूझकर फाइल लंबित रखे हुए था और काम करने के एवज में ₹1 लाख नकद की रिश्वत मांग रहा था।
सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही परिवादी ने केमिकल लगे नोट आरोपी को सौंपे, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
हाथ धुलवाने पर गुलाबी हुआ पानी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें पानी गुलाबी हो गया। इससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
आय से अधिक संपत्ति की भी होगी जांच
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सिहाग के निर्देशन में की गई। एसीबी की टीमें आरोपी के आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। साथ ही उसकी आय से अधिक संपत्ति और इस मामले में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


