मिथलेश गुप्ता, जशपुर। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनोरा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के प्रभारी एसडीओ संजय दिवाकर को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, प्रभारी एसडीओ दिवाकर ने मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों के मूल्यांकन के एवज में एक पूर्व उपसरपंच से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही पूर्व उपसरपंच ने तय रकम एसडीओ को सौंपी, पहले से मौजूद ACB की टीम ने उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद जशपुर जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

धमतरी : रिश्वत लेने के मामले में सिंचाई विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार
धमतरी जिले में भी आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग से जुड़े एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है। आरोपी कर्मचारी की पहचान लखेश्वर साहू के रूप में हुई है। उस पर किसी कार्य के एवज में एक लाख रुपये लेने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने आरोपी कर्मचारी को अपने कब्जे में लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल टीम धमतरी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पर किसी काम को कराने के बदले एक लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। हालांकि मामले की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि एसीबी की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद मामले में विस्तृत खुलासा किया जाएगा। कार्रवाई को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग एसीबी की आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

