रामगढ़। जिले के आरा रोड मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट लिमिटेड में रविवार दोपहर फर्नेस में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे के वक्त भट्टी के पास काम कर रहे 9 मजदूर घायल हो गए। इनमें दो मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
धमाके के बाद प्लांट प्रबंधन ने आनन-फानन में घायलों को निजी वाहनों से रामगढ़-रांची रोड स्थित होप हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल तेश राणा और रमेश्वर ठाकुर को प्राथमिक उपचार के बाद रांची के देवकमल अस्पताल भेजा गया।
दो मजदूर 90 फीसदी तक झुलसे
देवकमल अस्पताल में जांच के बाद दोनों मजदूरों के करीब 90 फीसदी तक झुलसने की बात सामने आई है। प्लास्टिक सर्जन सह अस्पताल संचालक डॉ. अनंत सिन्हा के मुताबिक दोनों की स्थिति बेहद नाजुक है और उन्हें आईसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा है।
होप हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कुल 9 घायल मजदूर अस्पताल लाए गए थे, जिनमें दो की हालत गंभीर थी।
इन मजदूरों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल राजेंद्र महतो, कुंजीलाल रविदास, धनंजय सिंह, परमेश्वर कुमार महतो, संजय प्रसाद, विजय यादव और राजेंद्र महतो का इलाज होप हॉस्पिटल में जारी है।
पिछले साल भी हुआ था फैक्ट्री में धमाका
श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में हादसे का यह कोई पहला मामला नहीं है। 22 सितंबर 2025 को भी फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद एक बार फिर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन और प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच की जरूरत बताई जा रही है।


