सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से बड़ा हादसा सामने आया है। नवानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अमलोरी रिलायंस माइंस में शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4:00 बजे एक भीषण दुर्घटना हो गई। माइंस में काम के दौरान एक विशालकाय होलपैक (भारी डंपर वाहन) अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक ड्राइवर की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के निवासी थे। सुबह के वक्त जब वह माइंस के भीतर होलपैक चला रहे थे, तभी वाहन पर से नियंत्रण खो गया और वह सीधे गहरी खाई में जा समाया। हादसा इतना भयानक था कि होलपैक ड्राइवर देवेंद्र यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर: सोम डिस्टिलरीज का लाइसेंस नवीनीकरण आवेदन निरस्त
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे गंभीर सवाल
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद रिलायंस प्रबंधन और माइंस के सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि इतनी संवेदनशील और गहरी खदानों में काम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। आखिर किसकी लापरवाही के कारण एक और मजदूर को अपनी जान गंवानी पड़ी?

