एसआर रघुवंशी, गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले की गादेर घाटी में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब LPG गैस से भरी एक टैंकर कंटेनर से टकराने के बाद चलती गाड़ी में गैस लीक होने लगी। समय रहते फायर फायटर्स और पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से स्थिति पर काबू पा लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव शुरू हो गया
सूत्र के अनुसार गुना के विजयपुर की ओर से बनारस जा रहा LPG गैस का टैंकर गादेर घाटी क्षेत्र में एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव शुरू हो गया, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और संबंधित विभागों को भी तत्काल सूचना दी।
कोई जनहानि नहीं
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते गैस रिसाव की स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए गए और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

