अनिल शर्मा, साहा । हरियाणा के साहा-अंबाला मुख्य मार्ग पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सवारियों से खचाखच भरी एक तेज रफ्तार बस साहा चौक के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी ओर पहुंच गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
डिवाइडर पार कर ट्रक से टकराई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंबाला की ओर से आ रही बस जैसे ही साहा चौक के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
मची अफरा-तफरी, लोग मदद के लिए दौड़े
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बाल-बाल बचीं सवारियां, कुछ को आई मामूली चोट
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रक चालक वाहन के अंदर मौजूद था, लेकिन उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहीं बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, फिर भी किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
बड़ा हादसा टला, लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। समय रहते बड़ा हादसा टल गया, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की।

