कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के मझौली थाना क्षेत्र में विजयादशमी पर मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नरीली तालाब में प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे लोगों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इस भीषण हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए हैं।

घटना बीती रात करीब 1 बजे की

दरअसल घटना बीती रात करीब 1 बजे की है। मझौली थाना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में लोग डीजे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए नरीली तालाब जा रहे थे। रास्ते में नीचे लटक रहे 440 वोल्ट के तार को वाहन पर सवार कुछ लोगों ने ऊपर उठाने की कोशिश की। इसी दौरान वह तार ऊपर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट का प्रवाह इतना तेज था कि तार टूटकर सीधे नीचे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा, जिससे वाहन में सवार लोग एक के बाद एक करंट की चपेट में आ गए।

चीख-पुकार और राहत बचाव कार्य

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार हुयी। अंधेरी रात में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, जहाँ गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m