फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सुभाष कॉलोनी स्थित हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान का छज्जा अचानक टूटकर गिर गया, जिसके नीचे दबकर 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम छा गया।

जानकारी के मुताबिक, हरि विहार निवासी जयवती (55) सुबह करीब 6 बजे बाथरूम जाने के लिए उठीं और छज्जे पर बने बाथरूम की ओर गईं। जैसे ही वह अंदर दाखिल हुईं, अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया और वह मलबे में दब गईं।

चीख-पुकार के बीच जुटे लोग

तेज आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि वह अपनी बहनों के साथ छुट्टियों में मां के घर आई हुई थीं। परिवार पहले ही पिता को खो चुका था और अब इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।