सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में महानवमी के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट में डूबने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इरशाद आलम के रूप में हुई है। वह झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र के बंदूवा से अपने परिजनों के साथ गुब्बारे बेचने आया था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, महानवमी के अवसर पर इरशाद आलम रामानुजगंज स्थित मां महामाया मंदिर के सामने छठ घाट पहुंचा था। दोपहर में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दो बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ढाई घंटे की तलाश के बाद मिला शव

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवक बालक की तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे की खोजबीन के पश्चात दोपहर 3:20 बजे इरशाद का शव पानी से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।

महानवमी की खुशियां मातम में बदली

महानवमी के पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के दौरान हुई इस घटना से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m