० कार्यालय, सरकारी आवास समेत कई स्थानों से डिजिटल व दस्तावेजी साक्ष्य जब्त, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच तेज करते हुए झारखंड पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (CID) ने गुरुवार को आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उनके कार्यालय, सरकारी आवास और अन्य स्थानों से महत्वपूर्ण डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

CID ने बताया कि रांची पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की गई। जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले बुधवार को CID ने JPSC भर्ती अनियमितता मामले में आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं मंगलवार को CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने JPSC कार्यालय में भी छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए थे।

आरोपियों से रिमांड पर की जाएगी पूछताछ

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभय तिवारी कथित तौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से 25 से 30 लाख रुपये तक वसूलता था। मामले की तह तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जाएगी।

इधर, बुधवार देर रात CID ने एक और आरोपी अरविंद मंडल को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि अरविंद, पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी का करीबी सहयोगी है। एजेंसी पूरे भर्ती नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।