चतरा। JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने पत्थलगड्डा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) तेजनारायण पंडित को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि CID के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच के दौरान तेजनारायण पंडित का नाम सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

CID के निर्देश पर हिरासत में लेकर पूछताछ

जानकारी के मुताबिक, तेजनारायण पंडित से JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं में उनकी क्या भूमिका रही है। हालांकि, पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से फिलहाल मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।पूछताछ और जांच के बाद ही तेजनारायण पंडित की भूमिका को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

JSSC CGL समेत TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द

गौरतलब है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन लंबे समय से जारी था। इसी बीच 17 अगस्त की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा ऐलान करते हुए JSSC CGL समेत TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी।

सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की भी बात कही है। ऐसे में JSSC CGL मामले में BSO की हिरासत को जांच के लिहाज से अहम कार्रवाई माना जा रहा है।