सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुनक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पांच बोतल अवैध देसी कच्ची शराब और 170 लीटर लाहण बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध शराब तस्करों और नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुख्य सिपाही रविंद सिंह की अध्यक्षता में पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव ऐचला में एक व्यक्ति अवैध शराब बनाने और बेचने के काम में लगा हुआ है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गांव ऐचला निवासी सोहन सिंह पुत्र हरि सिंह को काबू किया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से पांच बोतल अवैध देसी कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा मौके से 170 लीटर लाहण भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने में किया जाता है।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना मुनक में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था और उसके नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
करनाल पुलिस का कहना है कि जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

