सुरेश पांडेय, सिंगरौली। जिले के बरगवां रेंज से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओबरी जंगल चौकी के बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को ₹2,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा है।
शिकायतकर्ता से मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, ओबरी बीट के गार्ड अखिलेश शुक्ला ने क्षेत्र के ही एक ग्रामीण रामलोचन प्रजापति से किसी काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया।
रंगे हाथ दबोचे गए साहब
जैसे ही पीड़ित रामलोचन प्रजापति ने बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को केमिकल लगे ₹2,000 के नोट थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी लोकायुक्त की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। लोकायुक्त टीम द्वारा हाथ धुलवाए जाने पर बीट गार्ड के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
लोकायुक्त टीम ने बताया
“पीड़ित की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी बीट गार्ड को रिश्वत की राशि के साथ मौके पर ही पकड़ा गया है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
सर्किट हाउस में चल रही है आगे की कार्रवाई
लोकायुक्त की टीम आरोपी बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सर्किट हाउस बरगवां लेकर गई है। इस अचानक हुई कार्रवाई से वन विभाग और बरगवां रेंज के कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

