राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त टीम ने जल संसाधन विभाग के एक बड़े बाबू को 4 हजार रुपये की नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू द्वारा यह रिश्वत मृतक कर्मचारी के बीमा का पैसा निकलवाने के एवज में मांगी जा रही थी। इस कार्रवाई से विभागीय कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।

डेढ़ साल से चक्कर काट रहा था बेटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रंजन साकेत के पिता जल संसाधन विभाग में सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ थे, जिनका निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद उनके बीमा की राशि और अन्य फंड का पैसा निकालने के लिए रंजन साकेत पिछले डेढ़ साल से कार्यालय के चक्कर काट रहा था।

आरोप है कि विभाग में पदस्थ बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा फाइल आगे बढ़ाने और बीमा का पैसा निकलवाने के एवज में लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और मांग से परेशान होकर युवक ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त पुलिस से कर दी।

लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। बुधवार को बैढन स्थित शारदा लॉज के सामने जैसे ही शिकायतकर्ता ने बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 4 हजार रुपये की रिश्वत दी, वैसे ही पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी को लेकर स्थानीय रेस्ट हाउस पहुंची है, जहाँ आगे की वैधानिक और कागजी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से जल संसाधन विभाग के अन्य भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों में भी दहशत का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m