सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले की अपराध अनुसंधान शाखा तावडू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पिनगवां क्षेत्र के गांव रसूलपुर में चल रहे एक जुआ-सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर मौके से 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि करीब 16-17 आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 30 हजार रुपये नकद तथा ताश पत्तों की दो डिब्बियां बरामद की हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध अनुसंधान शाखा तावडू की टीम निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में अपराध रोकथाम के दौरान पुन्हाना चौक शिकरावा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक सूचना मिली कि शिकरावा-पुन्हाना रोड स्थित गांव रसूलपुर के खेतों में बने ईंट भट्टों की झोपड़ी में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और दो अलग-अलग टीमों का गठन कर बताए गए स्थान पर रेड की।
पुलिस ने एक झोपड़ी के पास पहुंचकर अंदर से मेरी चाल 100 रुपये की और मेरी चाल 500 रुपये की जैसी आवाजें सुनीं, जिसके बाद दोनों टीमों ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने 18 लोगों को मौके से काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. अरसद उर्फ डॉक्टर निवासी उटावड़ जिला पलवल, शहाबुदीन निवासी उटावड़, पुरन सिंह निवासी कोट, सुशील कुमार निवासी मोहननगर पलवल, सोहिल निवासी मोहननगर पलवल, नजमुदीन निवासी टाई जिला नूंह, आबिद निवासी इब्राहिम बास फिरोजपुर झिरका, उन्नस निवासी गढ़ी झिल पट्टी जिला डिग राजस्थान, उसमान निवासी उदाका जिला डिग राजस्थान, राहुल निवासी छटीकरा मथुरा, मनोज कुमार निवासी सुरीर मथुरा, गोपाल निवासी सुरीर कला मथुरा, विजय सिंह निवासी नंगला जयसिंह मथुरा, हरिनारायण निवासी जैत मथुरा, आमीन निवासी वृंदावन, ओमप्रकाश निवासी वृंदावन, रामजी निवासी वृंदावन तथा विरेन्द्र निवासी जतीपुरा गोवर्धन मथुरा के रूप में हुई है। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग रकम बरामद हुई।
इसके अलावा बीच में रखी गई जुए की रकम को मिलाकर कुल 3 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पिनगवां थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

