दिवाली के मद्देनजर लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीमों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 40 नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में करीब 100 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री भी पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

खोया, पनीर, घी और मिठाइयों के नमूने लिए

विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा क्षेत्रों में जांच के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों एवं मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम ऐसी खाद्य सामग्री नष्ट कराई, जो खाने योग्य नहीं थी।

दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच

त्योहारों को देखते हुए दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अलावा, निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के संबंध में मिली शिकायत पर भी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर इकाई का निरीक्षण किया और तीन नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण में यह इकाई बिना भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।

स्वच्छता मानकों में कमी पर 8 प्रतिष्ठानों को नोटिस

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी जांच की। जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधारात्मक कार्रवाई के लिए कुल आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा- खाद्य सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल हो। खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। दिल्ली सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें दिल्लीवासियों को पूरे वर्ष और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m