हांसी। जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर हांसी में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए पथराव के मामले में गिरफ्तार किए गए 10 नामजद किसान नेताओं को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सभी को भोंडसी जेल भेजा गया है।
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल को लेकर 10 लोगों को नामजद करते हुए करीब 150 से 200 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ी और पुलिस पर पथराव किया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की थी।
दरअसल, जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसान संगठनों और न्याय संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई और दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने की बात सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया था।
इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अब अदालत में पेश किए गए 10 नामजद आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर किसान संगठनों और न्याय संघर्ष समिति में नाराजगी बनी हुई है।
समिति का कहना है कि उनका आंदोलन जीवन कुंडू को न्याय दिलाने और हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पथराव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले को लेकर आज भी क्षेत्र में माहौल गर्म है और जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया है, जिसमें खाप प्रतिनिधियों, किसान संगठनों और राजनीतिक नेताओं के पहुंचने की खबर है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

