रांची। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं की जांच अब तेज हो गई है। अदालत के सख्त रुख के बाद CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को पलामू में दो आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, दोनों आरोपी अपने-अपने घर से फरार मिले।

जांच टीम ने शहर के हनुमान नगर स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर कुमार और हमीदगंज स्थित सरकारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह के घर पर दबिश दी।छापेमारी के दौरान रविशंकर के घर पर उसके माता-पिता और संतोष कुमार सिंह के घर पर उसके ससुर मौजूद मिले। पुलिस ने परिजनों को अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट की जानकारी दी।

साथ ही दोनों आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश कराने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि आरोपियों के जल्द हाजिर नहीं होने पर कुर्की-जब्ती समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

3 अगस्त की रेड में मिले थे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

इससे पहले 3 अगस्त को भी CID ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान जांच टीम ने कथित तौर पर कई दस्तावेजों के साथ लैपटॉप, मोबाइल फोन और पेन ड्राइव समेत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए थे।

अब CID की फॉरेंसिक टीम जब्त डिजिटल सामग्री की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि डिजिटल एविडेंस से परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

एक कोचिंग संचालक, दूसरा सरकारी शिक्षक

जांच के मुताबिक, रविशंकर कुमार रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले एक कोचिंग संस्थान का संचालन करता है। वहीं संतोष कुमार सिंह नौडीहा बाजार प्रखंड में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत है।

दोनों पर परीक्षा प्रक्रिया में कथित सांठगांठ और अनियमितता से जुड़े गंभीर आरोप हैं। गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद अब जांच एजेंसियां दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।