रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की पड़ताल के लिए गठित सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) अब तक 100 से अधिक संदिग्धों और सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है। एसटीएफ आईजी अनूप बिरथरे के नेतृत्व में गठित 17 सदस्यीय टीम अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
परीक्षा एजेंसी से जुड़े ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
जांच के दौरान एसआईटी ने सीजीएल परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी वेबेल टेक्नोलॉजी लिमिटेड और उससे जुड़े सहयोगियों के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। टीम ने कोलकाता, गोरखपुर, पटना, बिहटा और आसनसोल समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की।
बरामद साक्ष्यों की हो रही जांच
छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का अब सत्यापन किया जा रहा है। जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। एजेंसी से जुड़े आरोपितों और संदिग्धों पर एसआईटी की विशेष नजर है।
सफल अभ्यर्थियों से भी पूछताछ
पेपर लीक की आशंका को लेकर एसआईटी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से भी जानकारी जुटा रही है। अब तक 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ पूरी हो चुकी है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित पेपर लीक में कौन-कौन लोग शामिल थे और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र की जानकारी किस तरह बाहर पहुंची।फिलहाल एसआईटी की जांच जारी है और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


