दीपक भारद्वाज, पलवल। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए होडल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे 19 पर नाकाबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीआईए होडल की टीम डबचिक मोड़ के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल पर करमन गांव की तरफ से पलवल की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 19 पर तुरंत नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी

कुछ ही समय बाद सूचना के मुताबिक एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। जैसे ही चालक ने पुलिस को चेकिंग करते देखा, उसने घबराकर अपनी गाड़ी मोड़ने और भागने की कोशिश की। लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला, जिसका उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था।

पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी पुलिस

पकड़े गए आरोपी की पहचान करण उर्फ सन्नू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फरीदाबाद का रहने वाला है और फिलहाल पलवल में ही रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना होडल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे यह हथियार किसने सप्लाई किया था। इसके लिए आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि जिले में अवैध हथियारों का कारोबार करने वालों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m