कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित सिंहपुर रोड पर बीच बाजार कट्टा लहराकर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले बदमाशों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में बदमाशों का खौफ खत्म करने के लिए पुलिस ने वारदात वाले स्थान पर ही उनका पैदल जुलूस निकाला।

रुपयों के लेनदेन में चलाई थी गोलियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात रुपयों के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर हुई थी। मामले का मुख्य आरोपी आशीष (निवासी बिजौली) अपने साथियों के साथ पहुंचा था। आरोपियों ने सिंहपुर रोड पर सब्जी लेने आए एक युवक पर हमला कर दिया और उसे दौड़ा-दौड़ाकर कट्टे से फायरिंग की, जिससे पूरे बाजार में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया था।

CCTV और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी

घटना के बाद हरकत में आई मुरार थाना पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष, उसके साथी और एक नाबालिग को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

उसी इलाके में निकाला जुलूस, FIR दर्ज

कानून-व्यवस्था का इकबाल बुलंद करने और आमजन से खौफ दूर करने के लिए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का उसी सिंहपुर रोड पर पैदल जुलूस निकाला, जहां उन्होंने गोलियाँ चलाई थीं। मुरार थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m