रांची। झारखंड सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर के 89 प्रशाखा पदाधिकारियों (Section Officers) का तबादला कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत JPSC से पांच और JSSC से छह अधिकारियों को हटाकर विभिन्न विभागों में भेजा गया है।
JPSC से हटाए गए पांच अधिकारी
अधिसूचना के अनुसार, प्रतिनियुक्ति पर JPSC में कार्यरत धर्मजीत कुमार साहू, नुपूर कुमारी, रितेश कुमार अग्रहरी, शिव शंकर प्रसाद और सौरभ सिंह का तबादला कर उन्हें उनके नए विभागों में भेज दिया गया है। फिलहाल आयोग में उनकी जगह किसी नए प्रशाखा पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है।
JSSC से छह अधिकारियों का तबादला
इसी तरह JSSC से भी सुधीर लकड़ा, सुकरा भगत, इनोसेंट टुडू, चांद झा, स्नेह राज रवि और प्रेम कुमार का स्थानांतरण किया गया है। इन सभी अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सात नए प्रशाखा पदाधिकारी नियुक्त
सरकार ने JSSC की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सात नए प्रशाखा पदाधिकारियों की तैनाती भी की है। इनमें कुमार भाष्कर, कृष्णा कुमार हांसदा, राहुल कुमार, सुदिप्तो बोस, अमित कुमार डे, ओम प्रकाश राणा और कुमारी रश्मि शामिल हैं। इनकी नियुक्ति से आयोग के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
20 अगस्त तक कार्यमुक्त होने के निर्देश
कार्मिक विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 20 अगस्त से पहले अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होने का निर्देश दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई अधिकारी तय समय तक विरमित नहीं होता है, तो उसे 20 अगस्त की अपराह्न के बाद स्वतः विरमित माना जाएगा और स्थानांतरण आदेश प्रभावी हो जाएगा।
भर्ती परीक्षाओं के बीच अहम बदलाव
JPSC और JSSC में यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय हुआ है, जब दोनों आयोग विभिन्न भर्ती परीक्षाओं, नियुक्ति प्रक्रियाओं और कथित अनियमितताओं को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में सरकार के इस कदम को आयोगों की प्रशासनिक पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार ने स्थानांतरण के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि इन बदलावों का भर्ती प्रक्रियाओं और आयोगों की कार्यप्रणाली पर क्या असर पड़ता है।


