NTA New Appointments: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। नीट-यूजी पेपर लीक समेत परीक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच सरकार ने एजेंसी में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति की है। कार्मिक मंत्रालय ने 27 अगस्त को इससे जुड़े अलग-अलग आदेश जारी किए।

रवि कुमार सिंह और प्रसन्ना वेंकटेश बने डायरेक्टर

कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, 2012 बैच के IPS अधिकारी रवि कुमार सिंह और 2012 बैच के IAS अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी को NTA में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

रवि कुमार सिंह अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के अधिकारी हैं। UPSC सिविल सेवा परीक्षा के जरिए IPS में चयनित सिंह ने NTA में नियुक्ति से पहले दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में DCP (पे लेवल-13) के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। वह सितंबर 2012 में IPS सेवा में शामिल हुए थे।

IAS प्रसन्ना वेंकटेश का प्रशासनिक अनुभव

प्रसन्ना वेंकटेश वी आंध्र प्रदेश कैडर के 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं। तमिलनाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर में स्नातक वेंकटेश कई अहम प्रशासनिक पदों पर काम कर चुके हैं।

उन्होंने एलुरु के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, विजयवाड़ा के म्युनिसिपल कमिश्नर और कुरनूल के जॉइंट कलेक्टर के रूप में सेवाएं दी हैं। NTA में आने से पहले वह सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट और AP सोशल वेलफेयर रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस सोसाइटी, गुंटूर में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे।

IRS अमित समदरिया को जॉइंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी

इसके अलावा 2016 बैच के IRS अधिकारी अमित समदरिया को NTA में जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त करने के लिए चुना गया है। वह इंडियन रेवेन्यू सर्विस (कस्टम्स एवं इनडायरेक्ट टैक्सेस) से हैं।

तीन हफ्ते में संभालना होगा पद

तीनों नियुक्ति आदेशों में कार्मिक मंत्रालय के संबंधित सर्कुलर का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार, अधिकारियों को आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। निर्धारित समय में पदभार ग्रहण नहीं करने पर सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत डिबारमेंट की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। NTA में यह नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब एजेंसी की परीक्षा प्रणाली और पारदर्शिता को लेकर सरकार पर लगातार सुधारात्मक कदम उठाने का दबाव रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m