कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश में 17 IPS और 3 HPS अधिकारियों के तबादले कर दिए। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार ADGP, IG, DIG और SP स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई अहम जिलों और यूनिट्स में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।

सबसे बड़ा बदलाव गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट में हुआ है। गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा का तबादला कर उन्हें पंचकूला PHQ में ADGP/Administration लगाया गया है। वहीं पंचकूला पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज को गुरुग्राम का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा करनाल रेंज के ADGP डॉ. मट्टा रवि किरण को ADGP, SV एवं ACB की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हिसार रेंज के ADGP के.के. राव को RTC भोंडसी भेजा गया है। अशोक कुमार को करनाल रेंज का IG बनाया गया है और ओम प्रकाश को दक्षिण रेंज, रेवाड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने अपराध शाखा, CID, HAP मधुबन, HSNCB और कानून व्यवस्था से जुड़े कई अहम पदों पर भी फेरबदल किया है। देर रात जारी इस सूची को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मजबूती के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।