शिखिल ब्यौहार, भोपाल। विधानसभा के बजट सत्र से ठीक पहले राज्य सरकार ने आधी रात को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने देर रात 11 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। स्वास्थ्य, वन और जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विभागों में प्रमुख बदलाव हुए हैं। यह फेरबदल शुक्रवार देर रात हुआ, जिसमें अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को वन विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अब भोपाल गैस त्रासदी विभाग और पर्यावरण विभाग (पहले से) के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
READ MORE: 14 फरवरी महाकाल भस्म आरती: बाबा महाकालेश्वर के मस्तक पर त्रिशूल,चंद्र और बेलपत्र अर्पित कर भव्य श्रृंगार, घर बैठे यहां कीजिए बाबा के दर्शन
दूसरी ओर, प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। जनसंपर्क विभाग में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक कुमार सक्सेना को अब आबकारी आयुक्त ग्वालियर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह 2009 बैच के IAS अधिकारी मनीष सिंह को जनसंपर्क आयुक्त बनाया गया है।
अन्य प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं
- अभिजीत अग्रवाल को मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया।
- किसान कल्याण एवं कृषि विभाग से अजय गुप्ता को हटाकर मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया।
- राज्यपाल के अपर सचिव रहे उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग का संचालक बनाया गया।
- भिंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव नियुक्त किया गया।
- उच्च शिक्षा विभाग में उपसचिव रही संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिले की मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया।
- आगर मालवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान का परियोजना संचालक बनाया गया।
- स्कूल शिक्षा विभाग के उपसचिव कमल सोलंकी को रायसेन जिले का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 4 अफसरों का भी ट्रांसफर
IAS अधिकारियों के बड़े फेरबदल के बाद अब राज्य प्रशासनिक सेवा (RAS) के अफसरों में भी हलचल मची हुई है। सरकार ने RAS कैडर के 4 अधिकारियों के तबादले किए हैं, जो आधी रात के IAS ट्रांसफर लिस्ट का हिस्सा हैं।
- शाजापुर जिले के अपर कलेक्टर भुरला सिंह सोलंकी को अब आगर मालवा जिले में अपर कलेक्टर के पद पर भेजा गया है।
- छतरपुर जिले के अपर कलेक्टर मिलिंद कुमार नामदेव को खरगोन जिले का अपर कलेक्टर बनाया गया है।
- बुरहानपुर जिले के अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान को भिंड जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
- इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के उप महाप्रबंधक राकेश शर्मा को मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल का मुख्य महाप्रबंधक बनाया गया है।




