केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कई वरिष्ठ नौकरशाहों के विभागों में फेरबदल करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत 2001 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी मंदीप के भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव थे भंडारी
मंदीप के भंडारी वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर कार्यरत हैं। अब उन्हें CBSE की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब बोर्ड से जुड़े प्रशासनिक और परीक्षा व्यवस्था के मुद्दे चर्चा में रहे हैं।
इससे पहले वरिष्ठ IAS अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम CBSE चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। सीताराम को 2 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया था। इससे पहले 2 जून को उन्हें CBSE चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई थी।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
केंद्र सरकार के इस फेरबदल में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
- विपिन कुमार, चेयरमैन, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), को ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
- श्रीकांत नागुलापल्ली, महानिदेशक, हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय, अब व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव होंगे।
- वी. पोनुराज, 2000 बैच के कर्नाटक कैडर के IAS अधिकारी, को नया हाइड्रोकार्बन महानिदेशक बनाया गया है।
- सरिता चौहान चंद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार की जिम्मेदारी मिली है।
- आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
- पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।
- पीयूष सिंह को बिजली मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
- अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
- मनीषा सेनसरमा को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव को दर्शाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


