बीजेपी मुख्यालय विस्तार में मंगलवार को पार्टी की अहम बैठक होने जा रही है। बीजेपी के सभी 65 प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ-साथ UGC, UPI और SIR जैसे मौजूदा मुद्दों पर पार्टी की रणनीति और जनसंवाद को लेकर मंथन होगा।
UGC नियमों पर सरकार के संभावित कदम पर चर्चा
उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रोकने से जुड़े UGC के नए नियमों को लेकर विवाद के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इन नियमों पर पुनर्विचार कर सकती है और चुनाव से पहले इस दिशा में कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। बीजेपी बैठक में इस मुद्दे से जुड़े राजनीतिक और सामाजिक प्रभावों पर भी चर्चा कर सकती है।
UPI और MDR पर पार्टी की सफाई
बैठक में UPI और मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) का मुद्दा भी प्रमुख रहेगा। चुनिंदा ₹2,000 से अधिक के मर्चेंट UPI भुगतानों पर MDR के प्रावधान को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बीजेपी संगठन के जरिए यह संदेश देने की तैयारी है कि आम लोगों के P2P UPI भुगतान पर कोई MDR नहीं है। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित व्यवस्था का बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला जाएगा।
SIR और चुनाव आयोग पर भी फोकस
SIR (Special Intensive Revision) को लेकर विपक्ष के सवालों के बीच चुनाव आयोग के आधिकारिक रुख को भी पार्टी संगठन के स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी। आयोग के अनुसार, SIR का मूल आदेश तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी हुआ था।
2027 के विधानसभा चुनावों पर नजर
2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में बीजेपी की बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ UGC, NEET, UPI और SIR जैसे मुद्दों पर पार्टी के जनसंवाद की रणनीति पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


