प्रवीण भारद्वाज, पानीपत : एसपी भूपेंद्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में पानीपत पुलिस की नशे के खिलाफ मुहिम रंग ला रही है। सीआईए थ्री (CIA 3) की टीम ने बरसत रोड गंदा नाला पुलिया के पास घेराबंदी करके एक शातिर नशा तस्कर को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 504 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गुप्त सूचना पर सीआईए थ्री की रेड, बैग से मिली अफीम

सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि उनकी एक टीम बुधवार को गश्त के दौरान नूरवाला अड्डा पर मौजूद थी। इसी बीच मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि नूरवाला का रहने वाला मोहम्मद इमरान नशीले पदार्थों की तस्करी करता है। वह इस वक्त बरसत रोड गंदा नाला पुलिया के पास किसी ग्राहक की फिराक में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को धर दबोचा। आरोपी की पहचान मोहम्मद इमरान (पुत्र शान मोहम्मद) के रूप में हुई। नियम के मुताबिक, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अनुभव पुनिया की मौजूदगी में जब इमरान के बैग की तलाशी ली गई, तो प्लास्टिक की पन्नी में लिपटी 504 ग्राम अफीम बरामद हुई।

बरेली से सस्ते दाम में लाया था खेप, 4 दिन के रिमांड पर

पूछताछ में आरोपी इमरान ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह करीब 4-5 दिन पहले यूपी के बरेली से एक युवक से 600 ग्राम अफीम कम कीमत पर खरीदकर लाया था। इसमें से कुछ अफीम उसने ट्रकों के ड्राइवरों को बेच भी दी थी। बची हुई अफीम को बेचने के लिए ही वह बुधवार को बरसत रोड आया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उसे 4 दिन के रिमांड पर लिया है।

अब सप्लायर की खैर नहीं: इंस्पेक्टर विजय

इंस्पेक्टर विजय, सीआईए थ्री प्रभारी ने कहा की, एसपी भूपेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। रिमांड के दौरान आरोपी मोहम्मद इमरान से कड़ी पूछताछ की जाएगी, ताकि यूपी के उस मुख्य नशा सप्लायर का पता लगाया जा सके जहाँ से यह अफीम आई थी। पुलिस की टीमें जल्द ही सप्लायर के ठिकानों पर छापेमारी करेंगी।