बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा में HPCL की क्रूड ऑयल पाइपलाइन से करोड़ों के तेल चोरी की साजिश का खुलासा हुआ है। गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने करीब 6 महीने तक पाइपलाइन की रेकी की और फिर जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर पाइपलाइन में अवैध वॉल्व लगा दिया। इसके जरिए एक सप्ताह के भीतर 20 टन क्रूड ऑयल चोरी कर टैंकरों से बाहर भेज दिया गया।

6 महीने की रेकी, फिर पाइपलाइन में लगाया चोरी का वॉल्व

पुलिस के मुताबिक गिरोह ने बालोतरा के कालूड़ी गांव में बंजर जमीन के नीचे से गुजर रही HPCL की मुख्य क्रूड ऑयल पाइपलाइन को निशाना बनाया। आरोपियों ने पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए गहरा गड्ढा खोदा और उसमें अवैध वॉल्व फिट कर दिया। इसके बाद 10-10 टन के दो टैंकरों में क्रूड ऑयल भरकर चोरी किया गया।

गुजरात में चोरी का तेल बेचने पहुंचे, ऐसे खुला राज

गुजरात ATS को सूचना मिली थी कि राजस्थान से चोरी किया गया क्रूड ऑयल गुजरात में बेचने की तैयारी है। टीम ने अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर कुवाडवा के पास कार्रवाई कर जयसिंह चुडास्मा को पकड़ा। उसके पास से चोरी का क्रूड ऑयल मिला। पूछताछ में बालोतरा कनेक्शन सामने आया।

इसके बाद गुजरात ATS ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर टापरा गांव के पास एक ढाबे पर दबिश दी और गिरोह के सात अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

ढाबे पर रहकर रची जा रही थी तेल चोरी की साजिश

जांच में सामने आया कि गिरोह के पांच सदस्य करीब एक महीने तक टापरा गांव के पास ढाबे पर ठहरे हुए थे। मुख्य आरोपी घनश्याम सोनी पाइपलाइन की लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाने के लिए मेहसाणा से बालोतरा आया था।

8 आरोपियों की गिरफ्तारी, खरीदार की भी तलाश

गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात के घनश्याम सोनी, रमेश ठाकोर, महेश ठाकोर, सुरेजी ठाकोर, जयसिंह चुडास्मा और रणजीत चोरसिया, उत्तर प्रदेश के दिलीप यादव और जालौर के मुकेश कुमार मेघवाल शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया 20 टन क्रूड ऑयल ब्यावर निवासी गोविंद सिंह चौहान को बेचा गया था। अब पुलिस तेल चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।