राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में आने वाले दिनों में संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी ने आगामी तीन महीनों के लिए एक विशेष रणनीति और टारगेट तय किया है। भोपाल दौरे पर आए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव की मौजूदगी में हुई बैठकों के बाद यह नया रोडमैप तैयार किया गया है।

गुटबाजी बर्दाश्त नहीं, मतभेद बंद कमरे में सुलझाएं

बैठकों के दौरान प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोटूक नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी स्तर पर गुटबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। बड़े नेताओं के बीच तालमेल (को-ऑर्डिनेशन) की कमी को दूर किया जाएगा। विवादित बयान देने वाले नेताओं पर सख्ती की जाएगी और निष्क्रिय पड़े वरिष्ठ नेताओं को दोबारा सक्रिय करने पर फोकस रहेगा। बिप्लब देव ने कहा, “जहां मतभेद (डिफरेंस) हैं, वहीं लोकतंत्र है, लेकिन ये मतभेद सार्वजनिक मंचों पर नहीं आने चाहिए। आपस में बातचीत कर दूर करें।”

बुलडोजर, क्रेन और बड़ी मालाओं के दिखावे पर पाबंदी

पार्टी में अति-उत्साह और दिखावे की संस्कृति पर भी हाईकमान ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में नेताओं का स्वागत बुलडोजर, जेसीबी या क्रेन से न किया जाए। हाल ही में इंदौर में नितिन नवीन के स्वागत के दौरान क्रेन से बड़ी माला पहनाने का मामला पार्टी हाईकमान तक पहुंचा था, जिसके बाद यह संदेश दिया गया है।

दिखावा बंद करने की सलाह

बिप्लब देव ने कहा कि जेसीबी से फूल बरसाने और भारी-भरकम मालाएं पहनाने का दिखावा बंद होना चाहिए। सरकारी योजनाओं का प्रचार करें: उन्होंने नेताओं को नसीहत दी कि वे पोस्टरों और बैनरों के जरिए खुद का चेहरा चमकाने के बजाय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m