रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) मेधा घोटाले की जांच में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड सहित दूसरे राज्यों के 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। कार्रवाई में परीक्षा से जुड़े कथित दलालों और परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसी से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

जेपीएससी मेधा घोटाले की जांच कर रही झारखंड सीआईडी की टीम ने सोमवार को रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद समेत विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई झारखंड के अलावा अन्य राज्यों के कुल 15 ठिकानों पर की जा रही है।

टीडीपीएल से जुड़े लोगों और ठिकानों की तलाशी

सीआईडी की टीम कथित दलालों और जेपीएससी परीक्षा का संचालन करने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) से जुड़े लोगों और ठिकानों की तलाशी ले रही है। जांच एजेंसी को पिछले कई दिनों से चल रही पड़ताल के दौरान इन स्थानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं, जिसके आधार पर यह समन्वित कार्रवाई की गई।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सीआईडी की टीम मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी कर रही है।फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद सीआईडी की ओर से बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।