रांची। JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की टीम ने सोमवार तड़के JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के मोरहाबादी स्थित आवास पर छापेमारी की। इसके बाद टीम JSSC कार्यालय पहुंची, जहां भी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई।
सुबह 5 बजे सचिव के आवास पर पहुंची CID टीम
जानकारी के अनुसार, CID की टीम सोमवार सुबह करीब 5 बजे हरिहर सिंह रोड स्थित सुधीर गुप्ता के आवास पर पहुंची। घंटों चली तलाशी के दौरान जांच टीम ने कई दस्तावेज और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए।इसके बाद CID की टीम JSSC कार्यालय पहुंची और वहां उपलब्ध दस्तावेजों की भी पड़ताल की।
सचिव से पूछताछ, दस्तावेजों की जांच
बताया जा रहा है कि CID ने JSSC सचिव सुधीर गुप्ता को नामकुम थाने बुलाकर पूछताछ की। इस दौरान आयोग से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला गया।जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े कोई अहम सुराग इन दस्तावेजों या रिकॉर्ड में मौजूद हैं या नहीं।
JSSC CGL के सफल अभ्यर्थियों की भी होगी जांच
जांच का दायरा अब JSSC CGL परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों तक पहुंचने की बात कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी।जांच में किसी अभ्यर्थी की भूमिका या दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, अंतिम स्थिति CID की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
छात्र आंदोलन के बीच तेज हुई जांच
JSSC CGL समेत राज्य की अन्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता शामिल है। ऐसे में JSSC सचिव के आवास और आयोग कार्यालय पर CID की कार्रवाई को जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
डिजिटल रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
CID की जांच में आयोग के दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी अहम माने जा रहे हैं। जांच एजेंसी परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।फिलहाल जांच जारी है। अब जांच से सामने आने वाले साक्ष्य ही तय करेंगे कि JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।


