सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, सुरक्षा बलों को देख तस्कर जंगल के रास्ते फरार

फुसरो। सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के कारो परियोजना अंतर्गत डीसी-सीपीएल पैच में शनिवार को अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। महाप्रबंधक संजय कुमार झा के नेतृत्व में सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कोयला और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 45 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों को मौके पर पहुंचता देख अवैध कारोबार से जुड़े लोग जंगल के रास्ते फरार हो गए। टीम ने विभिन्न स्थानों से अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका
कार्रवाई में जब्त की गई मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाए जाएंगे और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।