पलामू। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महूरांव में छापेमारी कर 440 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ओडिशा से आई थी गांजे की बड़ी खेप

पुलिस के मुताबिक, पलामू एसपी कपिल चौधरी को सूचना मिली थी कि महूरांव में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है और जल्द ही इसकी तस्करी की तैयारी है। सूचना के बाद छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।टीम ने मौके पर दबिश देकर गांजे की खेप बरामद कर ली। जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा से पलामू लाया गया था और इसे बिहार पहुंचाया जाना था।

दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में मिले अहम सुराग

पुलिस ने मौके से महूरांव निवासी जमशेद आलम और अली रजा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने गांजे की सप्लाई से जुड़े कई अहम बिंदुओं की जानकारी पुलिस को दी है।पुलिस अब मिले सुरागों के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की नजर

एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। 440 किलो गांजे की बरामदगी के बाद अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर आगे भी छापेमारी की जा रही है।