० देवघर में होटल-भोजनालयों पर छापेमारी, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नोटिस; श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ की आशंका

देवघर। श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। गुरुवार को विभाग की टीम ने देवघर के विभिन्न होटल, भोजनालयों और खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी की, जहां कई जगह खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी और गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान एक निजी प्रतिष्ठान से करीब 10 टन आटा, 800 किलो बेसन और बड़ी मात्रा में फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड खाद्य तेल बरामद किया गया। सभी खाद्य सामग्री को जब्त कर सुरक्षित रख लिया गया है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि इन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परोसे जाने वाले भोजन में किया जाना था। हालांकि विभाग की समय पर की गई कार्रवाई से यह सामग्री बाजार और उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


भोजनालय के रसोई में मिली गंदगी
इसी अभियान के दौरान देसी जायका भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया। जांच में भोजनालय की रसोई अत्यंत गंदी पाई गई और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं होने पर संचालक को नोटिस जारी कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही न हो।