मिहिजाम (जामताड़ा)। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगाल-झारखंड सीमा से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 510 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वैन भी जब्त की गई है। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
धांगुड़ी काशी डांगा इलाके में चला अभियान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। रूपनारायणपुर फांड़ी प्रभारी सुमंगल सरकार की सक्रियता में गठित टीम ने सुबह से ही बंगाल-झारखंड सीमा से सटे धांगुड़ी काशी डांगा इलाके में संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी।
इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर मिली, जिसके बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
510 ग्राम ब्राउन शुगर की बरामदगी को सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है।

