रामकुमार यादव, सरगुजा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सीतापुर में एक संदिग्ध को पकड़कर उसके पास से करीब 6 लाख रुपये के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त किए गए हैं। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर क्षेत्र में गश्त के दौरान आबकारी उड़नदस्ता टीम की नजर बोरी लेकर खड़े एक संदिग्ध पर पड़ी। टीम ने उसे रोककर बोरी की तलाशी ली, तो उसमें बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद हुए। इसके बाद टीम ने जब्त सामग्री के साथ आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

हजारों नशीले कैप्सूल और टैबलेट जब्त

आबकारी विभाग के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 14,144 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, 880 नाइट्रोसम-10 टैबलेट, 1,110 अल्प्रासेन टैबलेट और ओनेरेक्स कफ सिरप की 20 बोतलें जब्त की गईं। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में सीतापुर निवासी संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विभाग की ओर से आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग की टीम मामले में आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है। विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि जब्त नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप कहां से लाए गए थे और इनके अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H