लक्ष्य वर्मा, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले की कुंजपुरा मंडी एक बार फिर गड़बड़ियों को लेकर चर्चा में है। इस बार मामला गेहूं की बोरियों में ईंटें भरकर वजन बढ़ाने का सामने आया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मंडी प्रशासन तुरंत हरकत में आया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक लोडिंग वाहन में रखी बोरियों से ईंटें निकल रही हैं, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
बोरियों में गेहूं के साथ ईंटें मिलाकर वजन बढ़ाया गया
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो काछवा क्षेत्र में हैफेड और वेयरहाउस गोदाम के पास का बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ बोरियों में गेहूं के साथ ईंटें मिलाकर उनका वजन बढ़ाया गया था, जिससे अनाज की सप्लाई और तौल में गड़बड़ी की जा रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए मजदूरों ने भी अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद जांच में कई बोरियों में ईंटें पाए जाने की पुष्टि हुई।

एक आढ़ती का लाइसेंस सस्पेंड
मंडी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक आढ़ती का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है और उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।हालांकि, पूरे मामले पर अधिकारी खुलकर बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गड़बड़ी में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

