संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा और अनियमितताएं करने वाले तीन निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। आयुष्मान भारत योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अरविंद शाह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने के बाद इन तीनों अस्पतालों को योजना से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इन 3 अस्पतालों पर गिरी गाज

यशवी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल

सूर्यांश मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल

मारुति मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल

मरीजों के जबरन दाखिले और क्लेम का खेल

सीईओ अरविंद शाह के निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में फर्जीवाड़े के कई सबूत मिले। अस्पतालों पर आरोप हैं कि- वे थोक में मरीजों को जबरन भर्ती कर रहे थे ताकि योजना के तहत क्लेम की रकम बढ़ाई जा सके। अनावश्यक इलाज दिखाकर सरकारी बजट को चूना लगाने का प्रयास किया जा रहा था। 10 दिन का नोटिस और पुराने क्लेम्स का होगा ऑडिट निलंबन की कार्रवाई के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं

कारण बताओ नोटिस

तीनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 10 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।अस्पतालों द्वारा अब तक प्रस्तुत किए गए सभी पिछले क्लेम्स का बारीकी से ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूर्व में हुए संभावित फर्जीवाड़े को उजागर किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आयुष्मान भारत योजना में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर अस्पतालों के खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m