कुमार इंदर, जबलपुर। शहर में ठगी की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने सर्राफा बाजार और व्यापारियों के होश उड़ा दिए हैं। आभूषण बनाने के नाम पर एक नामी सर्राफा कारोबारी पिता-पुत्र ने एक ऑटोमोबाइल्स व्यापारी को अपना शिकार बनाया है। ठगों ने न केवल 1 किलो 90 ग्राम सोना साफ कर दिया, बल्कि 5 लाख रुपए नगद भी हड़प लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तो आरोपियों के तेवर बदल गए
दरअसल विश्वास और धोखे की यह वारदात जबलपुर के कोतवाली थाना इलाके की है। सिवनी लखनादौन के रहने वाले ऑटोमोबाइल्स व्यापारी श्यामलाल अग्रवाल ने जबलपुर के सर्राफा कारोबारी पिता-पुत्र पर करोड़ों के सोने और नकदी की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित श्यामलाल अग्रवाल ने आरोपी व्यापारी अजय अग्रवाल और उनके बेटे अंकित अग्रवाल को नए जेवर बनाने के लिए कुल 1 किलो 90 ग्राम से ज्यादा सोना और 5 लाख रुपए नगद दिए थे। लेकिन जब जेवर बनकर तैयार होने का वक्त आया, तो आरोपियों के तेवर बदल गए।
सोना और पैसे वापस लौटाने से साफ इनकार
आरोप है कि जेवर देने के नाम पर आरोपी पिता-पुत्र लगातार टालमटोल करते रहे। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने सोना और पैसे वापस लौटाने से साफ इनकार कर दिया और पीड़ित को धमकी दी। अपनी जीवनभर की कमाई डूबते देख पीड़ित श्यामलाल अग्रवाल ने सीधे पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी अजय अग्रवाल और अंकित अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें अब आरोपियों की कुंडली खंगालने में जुट गई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

